सोशल मीडिया स्टार फैजल शेख उर्फ मिस्टर फैजू इन दिनों अपनी शादी और खूबसूरत दुल्हन तान्या सिद्दीकी को लेकर चर्चा में हैं। मदीना शरीफ में निकाह और पत्नी के साथ उमराह करने के बाद अब फैजू के मुंबई रिसेप्शन की पहली झलक सामने आई है। दूल्हा-दुल्हन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं, जिनमें दोनों का रॉयल अंदाज फैंस का दिल जीत रहा है। फैजल शेख ने 10 अक्टूबर 2026 को मदीना में तान्या सिद्दीकी के साथ निकाह किया था। अब मुंबई में हुए ग्रैंड रिसेप्शन में दोनों बेहद खूबसूरत अंदाज में नजर आए। वाइट और गोल्डन शेरवानी में फैजू किसी राजकुमार से कम नहीं लग रहे थे। वहीं, गुलाबी और गोल्डन रंग के ब्राइडल आउटफिट में तान्या ने अपनी खूबसूरती से सारी लाइमलाइट लूट ली। हैवी मल्टीलेयर नेकलेस, मांग टीका और नथनी ने उनके रॉयल ब्राइडल लुक को और खास बना दिया। रिसेप्शन की तस्वीरों में फैजू अपनी दुल्हनिया का लहंगा संभालते भी नजर आए। उनकी इस प्यारी अदा पर फैंस खूब प्यार लुटा रहे हैं। वहीं, इस जश्न में फराह खान, शिल्पा शिंदे, रिद्धि डोगरा, ईशा मालवीय, विक्की जैन, अंकिता लोखंडे और युविका चौधरी समेत कई सितारे शामिल हुए।