एक्टर और टेलीविजन होस्ट मनीष पॉल पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी मां उर्मिल पॉल का 8 जुलाई 2026 को दिल्ली में 77 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। मां के निधन की खबर से मनीष और उनका परिवार गहरे सदमे में है। हालांकि, उनकी मृत्यु के कारण का खुलासा नहीं किया गया है। मनीष पॉल ने अपनी मां को भावुक अंदाज में याद करते हुए सोशल मीडिया पर कई तस्वीरें साझा कीं और एक इमोशनल नोट लिखा। उन्होंने कहा, "आज दुनिया कुछ शांत लग रही है। आज सुबह मैंने अपनी मां को अलविदा कहा, जो मेरा पहला घर थीं, मुझे सबसे ज्यादा सुकून देने वाली थीं और मेरी जिंदगी की सबसे मजबूत महिला थीं।" उन्होंने आगे लिखा कि उनकी मां की जगह कोई नहीं ले सकता और उनके जाने से जो खालीपन आया है, उसे शब्दों में बयां करना संभव नहीं है। मनीष ने कहा कि वह अपनी मां का प्यार, हिम्मत, नेकी और उनके दिए जीवन के हर सबक को हमेशा अपने साथ रखेंगे। उन्होंने अंत में लिखा, "उम्मीद है कि अब आपको सुकून मिल गया होगा। मुझे उस तरह प्यार करने के लिए शुक्रिया, जैसा सिर्फ एक मां ही कर सकती है। फिर मिलने तक, हमेशा आपसे प्यार करता रहूंगा।" मनीष पॉल अक्सर अपनी मां के साथ बिताए खास पलों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते थे। उनके इस भावुक पोस्ट के बाद फैन्स और बॉलीवुड सितारे उन्हें ढांढस बंधा रहे हैं और उर्मिल पॉल को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।

---विज्ञापन---