बॉलीवुड में दिवाली का त्योहार हो और सितारों की महफिल न सजे, ऐसा कैसे हो सकता है। मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने 5 नवंबर को शानदार दिवाली पार्टी होस्ट की, जिसमें बॉलीवुड के कई बड़े सितारे शामिल हुए। हालांकि, इस पार्टी में सबसे ज्यादा चर्चा मलाइका अरोड़ा और उनके रूमर्ड बॉयफ्रेंड हर्ष मेहता की मौजूदगी को लेकर हुई। मलाइका इस पार्टी में पिंक और व्हाइट कलर के शिमरी लहंगे में बेहद खूबसूरत नजर आईं। उन्होंने अपने लुक को स्टेटमेंट डायमंड नेकलेस, मैचिंग रिंग्स और ग्लॉसी मेकअप के साथ पूरा किया। एक्ट्रेस ने रेड कार्पेट पर अकेले एंट्री की और पैपराजी के सामने जमकर पोज दिए। बाद में वह अपनी बहन अमृता अरोड़ा, सीमा सजदेह और शिबानी दांडेकर के साथ भी तस्वीरें खिंचवाती दिखीं। वहीं, उनके रूमर्ड बॉयफ्रेंड हर्ष मेहता भी पार्टी में पहुंचे। उन्होंने ब्लू कलर का इंडियन सूट पहना था और पैपराजी के सामने पोज देने से दूरी बनाई। खास बात यह रही कि पार्टी के अंदर जाते समय दोनों साथ नजर आए। इतना ही नहीं, पार्टी खत्म होने के बाद मलाइका और हर्ष को एक ही गाड़ी में रवाना होते हुए भी स्पॉट किया गया। इसके बाद सोशल मीडिया पर दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं। हालांकि, मलाइका और हर्ष ने अब तक अपने रिश्ते पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। दिलचस्प बात यह रही कि इसी पार्टी में मलाइका के एक्स बॉयफ्रेंड अर्जुन कपूर भी मौजूद थे।