‘बिग बॉस 20’ को शुरू हुए अभी 24 घंटे भी पूरे नहीं हुए हैं, लेकिन माही विज ने घर में अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी है। ग्रैंड प्रीमियर में अपने बेबाक अंदाज से चर्चा में आईं माही अब लाइव फीड के एक बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। घर में बाकी कंटेस्टेंट्स को देखने के बाद माही ने कहा कि वह इनमें से किसी को नहीं जानतीं। उन्होंने बताया कि वह सिर्फ कनिका मान को जानती हैं, हालांकि उनसे भी कभी मुलाकात नहीं हुई और सिर्फ उनका नाम सुना था। माही का यह बयान सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई। दरअसल, इस सीजन में मैरी कॉम, भोजपुरी अभिनेत्री आम्रपाली दुबे और अभिनेता आसिफ खान जैसे जाने-पहचाने नाम भी शामिल हैं। ऐसे में माही का ज्यादातर कंटेस्टेंट्स को नहीं पहचानने वाला अंदाज कुछ फैंस को हैरान कर रहा है। अब सोशल मीडिया पर सवाल उठ रहे हैं कि क्या माही सच में घरवालों से अनजान हैं या फिर यह उनके गेम का हिस्सा है। माही ने ग्रैंड प्रीमियर में अपने बिग बॉस में आने की वजह भी बताई थी। उन्होंने कहा था कि वह हर साल शो का ऑफर ठुकरा देती थीं और इस बार भी शुरुआत में उन्होंने मना कर दिया था। हालांकि, करीब डेढ़ महीने पहले उन्होंने अपना फैसला बदल दिया। माही के मुताबिक, इस बार बिग बॉस में आने के लिए उनके बच्चों ने उन्हें तैयार किया। अब घर में उनकी शुरुआत जिस कॉन्फिडेंस और बेबाकी के साथ हुई है, उससे साफ है कि उनका सफर काफी दिलचस्प हो सकता है।