महाभारत में भीम का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले एक्टर और प्रोफेशनल रेसलर सौरव गुर्जर इन दिनों कानूनी मामले को लेकर चर्चा में हैं। हैदराबाद की गाचीबोवली पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर सौरव के खिलाफ मामला दर्ज किया है। महिला ने आरोप लगाया है कि सौरव ने शादी का वादा कर उन्हें धोखा दिया और बाद में परेशान किया। हालांकि, ये आरोप शिकायत में किए गए दावों पर आधारित हैं और मामले की जांच जारी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिला की मुलाकात सौरव से 2021 में इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। इसके बाद दोनों की बातचीत बढ़ी और नजदीकियां भी बढ़ गईं। महिला का दावा है कि 25 दिसंबर 2021 को पहली मुलाकात के दौरान सौरव ने उनसे शादी का वादा किया था। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि सौरव ने उन्हें अमेरिका की नौकरी छोड़कर भारत लौटने के लिए कहा और दोनों ने साथ मिलकर बिजनेस शुरू करने की बात की। शिकायत के बाद पुलिस ने सौरव को मुंबई एयरपोर्ट से हिरासत में लिया और आगे की कार्रवाई के लिए हैदराबाद ले जाया गया। बाद में उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की जानकारी सामने आई। वर्कफ्रंट की बात करें तो सौरव ने 2013 में ‘महाभारत’ से टीवी डेब्यू किया था। इसके अलावा वह ‘संकटमोचन महाबली हनुमान’ में बाली और ‘ब्रह्मास्त्र’ में विलेन का किरदार निभा चुके हैं। वह WWE में भी काम कर चुके हैं।