दिग्गज अभिनेता प्रदीप रावत अब हमारे बीच नहीं रहे। 4 अगस्त को 74 वर्ष की उम्र में उन्होंने ब्लड कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद अंतिम सांस ली। पिछले कुछ समय से उनका अस्पताल में इलाज चल रहा था। उनके निधन की खबर ने फिल्म और टीवी इंडस्ट्री के साथ-साथ करोड़ों फैंस को भी गहरा सदमा दिया है। पर्दे पर दमदार विलेन के रूप में पहचान बनाने वाले प्रदीप रावत की निजी जिंदगी भी कई उतार-चढ़ाव से भरी रही। थिएटर में काम करने के दौरान उन्हें बी.आर. चोपड़ा के टीवी शो महाभारत के लिए ऑडिशन देने की सलाह मिली। उन्होंने ऑडिशन दिया और अश्वत्थामा का किरदार उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट बन गया। हालांकि, करियर की सफलता के बीच उनकी पहली शादी ज्यादा समय तक नहीं टिक सकी। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि उनकी पहली शादी केवल साढ़े पांच महीने चली। रिश्ते में विवाद इतना बढ़ गया कि मामला पुलिस तक पहुंच गया और बाद में दोनों का तलाक हो गया। इस दौर ने उन्हें मानसिक रूप से काफी प्रभावित किया। इसके बाद उनकी मुलाकात कल्याणी रावत से फिल्म स्टालिन के सेट पर हुई। शुरुआत में दोनों सिर्फ परिचित थे, लेकिन धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई। साल 2006 में दोनों ने शादी कर ली। इस शादी के बाद प्रदीप रावत की जिंदगी में स्थिरता आई। दोनों ने हमेशा अपनी निजी जिंदगी को लाइमलाइट से दूर रखा। उनके परिवार में पत्नी कल्याणी और बेटे विक्रमादित्य रावत हैं, जिनके साथ उन्होंने सादगीभरा पारिवारिक जीवन बिताया।

---विज्ञापन---