संचिता उगले… यह वह नाम है जो 15 जून से हर किसी की जुबान पर है। महज़ 22 साल की उम्र में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त करने वाली संचिता उगले के निधन की खबर ने हर किसी को गहरा सदमा दिया है। जिस उम्र में युवा अपने सपनों को पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ाते हैं और जिंदगी की नई शुरुआत करते हैं, उसी छोटी-सी उम्र में संचिता इस दुनिया को अलविदा कह गईं। टीवी एक्ट्रेस के निधन के बाद से सोशल मीडिया पर लगातार तरह-तरह के सवाल और दावे किए जा रहे हैं। एक तरफ उगले परिवार है, जहां जवान बेटी के चले जाने से मातम पसरा हुआ है। माता-पिता से लेकर भाई-बहनों तक का रो-रोकर बुरा हाल है और हर किसी के मन में बस एक ही सवाल है—आखिर संचिता ने इतना बड़ा और दर्दनाक कदम क्यों उठाया? संचिता के निधन के बाद परिवार की हालत देखकर किसी का भी दिल भर आए। आंखों में आंसू, चेहरे पर दर्द और दिल में अनगिनत सवाल लिए परिवार के लोग इस गहरे सदमे से जूझ रहे हैं। इसी बीच 22 वर्षीय संचिता के दादा गोपीनाथ उगले का बयान भी चर्चा में आ गया है, जिसने इस पूरे मामले को लेकर लोगों की जिज्ञासा और बढ़ा दी है।पोती की मौत के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए गोपीनाथ उगले ने कहा, हमें आज तक समझ नहीं आया कि वह मानसिक रूप से क्या झेल रही थीं या इसके पीछे असली वजह क्या थी। उनका किसी से कोई विवाद नहीं था और न ही किसी ने कभी उनके बारे में कुछ गलत कहा। उनकी जिंदगी में किसी चीज़ की कमी नहीं थी। उन्होंने जो कुछ भी हासिल किया, वह अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर हासिल किया था। वह बेहद काबिल थीं और अपने तालुका ही नहीं, बल्कि पूरे अहमदनगर जिले में अपनी अलग पहचान बना चुकी थीं। दादा के इस बयान के बाद भी संचिता की मौत को लेकर रहस्य बरकरार है। आखिर वह कौन-सा दर्द था, कौन-सी परेशानी थी, जिसने इतनी कम उम्र में एक होनहार लड़की को ऐसा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया? यही सवाल आज हर किसी के मन में है।

---विज्ञापन---