Lock Upp 2: सच या सज़ा का ग्रैंड फिनाले खत्म होते ही जश्न का माहौल शुरू हो गया। सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर श्रेया कालरा के विनर बनने के बाद शो की को-होस्ट फराह खान ने अपने घर पर शानदार सक्सेस पार्टी और फिनाले की स्पेशल स्क्रीनिंग होस्ट की, जिसमें टीवी और बॉलीवुड के कई सितारे शामिल हुए। फराह ने इस सेलिब्रेशन की झलक अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी शेयर की, जिसमें सभी सितारे मस्ती करते, डांस करते और जीत का जश्न मनाते नजर आए। पार्टी की सबसे खास मेहमान रहीं श्रेया कालरा, जो अपने बॉयफ्रेंड ऋषभ जैस्वाल के साथ ट्रॉफी लेकर पहुंचीं। गोल्डन-व्हाइट आउटफिट में श्रेया बेहद खूबसूरत लग रही थीं और सभी उन्हें जीत की बधाई देते दिखाई दिए। वहीं एकता कपूर ने भी पार्टी का वीडियो शेयर किया, जिसमें श्रेया और शिवांगी जोशी साथ में डांस करती नजर आईं। दोनों की बॉन्डिंग ने फैंस का दिल जीत लिया। इस सेलिब्रेशन में रितेश देशमुख, जेनेलिया डिसूजा, मौनी रॉय, अर्जुन कपूर, हर्षद चोपड़ा, धीरज धूपर अपनी पत्नी विन्नी अरोड़ा, महीप कपूर, आकांक्षा चमोला, वरुण यादव और पामेला सेरेना समेत कई सेलेब्स मौजूद रहे। वहीं सुनीता आहूजा ब्लैक आउटफिट में स्टाइलिश अंदाज में नजर आईं और उनके बेटे यशवर्धन की एंट्री ने भी सभी का ध्यान खींचा। बता दें कि ग्रैंड फिनाले में श्रेया कालरा ने शिवांगी जोशी और योगेश रावत को हराकर ट्रॉफी के साथ 1 करोड़ रुपये की प्राइज मनी अपने नाम की। फिलहाल, फराह खान के घर हुई यह ग्रैंड पार्टी और इसके वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

---विज्ञापन---