बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर कुकू कोहली का 25 अगस्त को 77 साल की उम्र में कार्डियक अरेस्ट के चलते निधन हो गया। उनके निधन से परिवार के साथ-साथ पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। शनिवार, 29 अगस्त को मुंबई के अंधेरी वेस्ट स्थित स्पोर्ट्स क्लब में उनकी प्रेयर मीट आयोजित की गई, जिसमें बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियां उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचीं। प्रेयर मीट के दौरान सबसे भावुक पल तब देखने को मिला, जब कुकू कोहली की पत्नी और अभिनेत्री अरुणा ईरानी खुद को संभाल नहीं पाईं और रो पड़ीं। पति को खोने का गम उनके चेहरे और आंखों में साफ नजर आया। करीबी रिश्तेदार और दोस्त लगातार उन्हें संभालते और हिम्मत देते दिखाई दिए। इस दौरान अनिल कपूर भी अरुणा ईरानी के पास बैठकर उन्हें ढांढस बंधाते नजर आए। दोनों के बीच पुराना और खास रिश्ता है। अरुणा ईरानी और अनिल कपूर ने ‘बेटा’, ‘लाडला’, ‘तेजाब’, ‘बुलंदी’ और ‘इंतकाम’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया है। कुकू कोहली की प्रेयर मीट में आशा पारेख, बोनी कपूर, कटरीना कैफ और विक्की कौशल समेत कई सितारे पहुंचे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, तबीयत बिगड़ने के बाद कुकू कोहली को अस्पताल ले जाया गया था, जहां उनकी एंजियोप्लास्टी हुई। शुरुआत में हालत स्थिर थी, लेकिन बाद में कार्डियक अरेस्ट के कारण उनका निधन हो गया।