मशहूर फिल्ममेकर कुकू कोहली के निधन के बाद उनकी अंतिम यात्रा में फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारे शामिल हुए। 77 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहने वाले कुकू कोहली के निधन से उनकी पत्नी अरुणा ईरानी और परिवार गहरे सदमे में हैं। मुंबई के ओशिवारा श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। पति के अंतिम दर्शन के लिए पहुंचीं अरुणा ईरानी बेहद भावुक नजर आईं। लड़खड़ाते कदमों और नम आंखों के साथ वह करीबियों के सहारे आगे बढ़ती दिखाई दीं। पति को खोने का दर्द उनके चेहरे पर साफ नजर आया, जिसे देखकर वहां मौजूद हर शख्स भावुक हो गया। कुकू कोहली की अंतिम यात्रा में कैटरीना कैफ और विक्की कौशल भी पहुंचे। दोनों ने सफेद कपड़े पहने थे और उनके चेहरे पर गम साफ दिखाई दे रहा था। विक्की के पिता और कुकू कोहली के करीबी दोस्त श्याम कौशल भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए। उन्होंने अपने दोस्त को नम आंखों से अंतिम विदाई दी। फिल्ममेकर अशोक पंडित भी परिवार के साथ खड़े नजर आए और अंतिम संस्कार की रस्मों में सहयोग किया। इसके अलावा रोहित शेट्टी समेत इंडस्ट्री से जुड़े कई सितारे कुकू कोहली को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। बता दें कि कुकू कोहली का 25 अगस्त को मैसिव हार्ट अटैक के बाद निधन हुआ था। उनके जाने से बॉलीवुड में शोक की लहर है। वहीं, अरुणा ईरानी के लिए यह बेहद मुश्किल दौर है। फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के लोग उन्हें इस दुख की घड़ी में हिम्मत दे रहे हैं।