मशहूर फिल्ममेकर कुकू कोहली के निधन के बाद उनकी पत्नी और दिग्गज एक्ट्रेस अरुणा ईरानी बेहद गहरे सदमे में हैं। मंगलवार 25 अगस्त को 77 साल की उम्र में कुकू कोहली का मैसिव हार्ट अटैक से निधन हो गया था। बुधवार को मुंबई के ओशिवारा श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां परिवार के साथ फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई लोग उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे। अंतिम संस्कार के दौरान अरुणा ईरानी को देखकर हर कोई भावुक हो गया। नम आंखों और लड़खड़ाते कदमों के साथ वह श्मशान घाट पहुंचीं। उनके चेहरे पर पति को खोने का दर्द साफ नजर आ रहा था। परिवार और करीबियों ने उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन कुकू कोहली को अंतिम विदाई देना उनके लिए बेहद मुश्किल पल था। अरुणा ईरानी और कुकू कोहली का रिश्ता करीब 36 साल लंबा था। दोनों ने साल 1990 में शादी की थी और जिंदगी के कई उतार-चढ़ाव साथ देखे। कुकू के निधन के बाद अरुणा के लिए यह एक बेहद कठिन दौर है। सबसे भावुक करने वाली बात यह है कि निधन से कुछ समय पहले तक अरुणा अपने पति से फोन पर बात कर रही थीं। दोनों के बीच हंसी-मजाक भी हुआ था, लेकिन कुछ ही देर बाद वह बातचीत उनकी आखिरी याद बन गई। जानकारी के मुताबिक, 24 अगस्त को कुकू कोहली को हार्ट अटैक के बाद कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी एंजियोप्लास्टी हुई। हालत में सुधार के बावजूद 25 अगस्त की शाम उन्हें अचानक मैसिव हार्ट अटैक आया और उनका निधन हो गया।