टीवी एक्ट्रेस क्रिस्टल डिसूजा एक बार फिर अपने लेटेस्ट लुक को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में एक ब्यूटी अवॉर्ड इवेंट में क्रिस्टल ब्लैक कोर्सेट स्टाइल आउटफिट, डायमंड नेकलेस और मैचिंग ईयररिंग्स पहनकर पहुंचीं। उनका ग्लैमरस अंदाज तो शानदार था, लेकिन सोशल मीडिया यूजर्स की नजरें उनके चेहरे पर टिक गईं। किसी को उनके गाल पहले से ज्यादा भरे हुए लगे, तो किसी ने उनके लिप्स में बदलाव नोटिस किया। इसके बाद इंटरनेट पर उनके लुक और संभावित ब्यूटी ट्रीटमेंट को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं। इससे पहले रियलिटी शो 'द ट्रेटर्स' के दौरान भी क्रिस्टल के चेहरे को लेकर ऐसी बातें सामने आई थीं। हालांकि, क्रिस्टल इन चर्चाओं पर पहले ही अपनी सफाई दे चुकी हैं। एक इंटरव्यू में एक्ट्रेस ने सर्जरी करवाने से इनकार करते हुए कहा था, 'इट्स माय फेस'। उन्होंने बताया था कि कुछ चीजों को लेकर कॉन्फिडेंट महसूस नहीं करने पर उन्होंने डर्मेटोलॉजिस्ट की मदद ली थी। क्रिस्टल का मानना है कि अगर किसी के पास अपनी खूबसूरती निखारने के लिए पैसे हैं और वह ऐसा करना चाहता है, तो इसमें गलत क्या है? उन्होंने सवाल उठाया कि जब लोग अपने बालों को कलर करवाते हैं और अपने लुक पर ध्यान देते हैं, तो ब्यूटी ट्रीटमेंट को लेकर सवाल क्यों उठाए जाते हैं?