बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन इन दिनों अपनी शादी की खबरों को लेकर चर्चा में हैं। इसी बीच एक्ट्रेस के दिल्ली हाई कोर्ट पहुंचने की खबर सामने आई है, जिसके बाद फैंस के बीच हलचल मच गई है। हालांकि, कृति के अदालत पहुंचने का उनकी शादी की चर्चाओं से कोई सीधा संबंध नहीं है। दरअसल, एक्ट्रेस ने अपने पर्सनैलिटी राइट्स की सुरक्षा के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया है। कृति सेनन ने अपनी याचिका में मांग की है कि उनके नाम, चेहरे, आवाज और तस्वीरों का बिना अनुमति इस्तेमाल न किया जाए। मौजूदा दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI के जरिए किसी की नकली तस्वीरें और वीडियो बनाना आसान हो गया है। कई बार सेलिब्रिटीज की पहचान का इस्तेमाल फर्जी विज्ञापनों और व्यावसायिक गतिविधियों में भी किया जाता है। ऐसे में कृति अपनी पहचान के गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए कानूनी सुरक्षा चाहती हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अदालत ने कहा कि पर्सनैलिटी राइट्स से जुड़े मामले लगातार सामने आ रहे हैं और इस मुद्दे के कानूनी पहलुओं को विस्तार से समझने की जरूरत है। कोर्ट ने कृति के वकील से पुराने अदालती फैसलों, रिसर्च पेपर और अपनी राय के साथ एक विस्तृत रिपोर्ट पेश करने को कहा है। मामले की अगली सुनवाई 29 अक्टूबर को होगी। वहीं, कृति की शादी की चर्चाएं भी लगातार सुर्खियों में हैं। जनवरी 2026 में उनकी बहन नूपुर सेनन ने सिंगर स्टेबिन बेन से शादी की थी। इस दौरान कृति के रूमर्ड बॉयफ्रेंड कबीर बाहिया की मौजूदगी को लेकर भी चर्चाएं हुई थीं। हालांकि, कृति पहले साफ कर चुकी हैं कि वह शादी को लेकर जल्दबाजी में नहीं हैं। उन्होंने कहा था कि जिंदगी में शादी के अलावा भी बहुत कुछ है और वह सही समय आने पर ही शादी करेंगी।