बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन इन दिनों अपनी फिल्मों के साथ-साथ अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। लंबे समय से उनका नाम लंदन बेस्ड बिजनेसमैन कबीर बहिया के साथ जोड़ा जा रहा है। हालांकि दोनों ने अब तक अपने रिश्ते को आधिकारिक तौर पर स्वीकार नहीं किया है, लेकिन उनकी साथ में लगातार सामने आ रही तस्वीरें डेटिंग की चर्चाओं को और हवा दे रही हैं। हाल ही में इंडिया और इंग्लैंड के बीच एजबेस्टन में खेले गए टेस्ट मैच के दौरान भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। मैच के दौरान कैमरा जैसे ही वीआईपी बॉक्स की तरफ गया, कृति सेनन और कबीर बहिया एक साथ मैच का आनंद लेते नजर आए। दोनों की तस्वीरें कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं और फैंस के बीच उनके रिश्ते को लेकर चर्चाएं फिर तेज हो गईं। इसी बीच लोगों की दिलचस्पी कबीर बहिया के बारे में जानने में भी बढ़ गई। दरअसल, कबीर का रिश्ता महेंद्र सिंह धोनी के परिवार से भी जुड़ा है। वह साक्षी धोनी के कजिन हैं और लंदन के एक बड़े बिजनेस परिवार से ताल्लुक रखते हैं। पिछले कुछ महीनों में कृति और कबीर को लंदन वेकेशन, होली सेलिब्रेशन, न्यू ईयर पार्टी और कृति के बर्थडे सेलिब्रेशन समेत कई मौकों पर साथ देखा गया है। हालांकि दोनों ने अपने रिश्ते पर अब तक कोई बयान नहीं दिया है, लेकिन एजबेस्टन से सामने आई इन नई तस्वीरों ने एक बार फिर उनकी डेटिंग की खबरों को चर्चा का विषय बना दिया है। अब फैंस इस बात का इंतजार कर रहे हैं कि दोनों आखिर कब अपने रिश्ते को ऑफिशियल करते हैं।

---विज्ञापन---