बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन 27 जुलाई को अपना 36वां जन्मदिन मना रही हैं। इस खास मौके पर उन्हें फैंस और फिल्म इंडस्ट्री से ढेरों शुभकामनाएं मिल रही हैं। फिल्म हीरोपंती से बॉलीवुड में डेब्यू करने वाली कृति ने अपने दमदार अभिनय, खूबसूरती और मेहनत के दम पर इंडस्ट्री में अलग पहचान बनाई है। आज वह बॉलीवुड की सबसे सफल और सबसे ज्यादा कमाई करने वाली अभिनेत्रियों में शुमार हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कृति सेनन की कुल नेटवर्थ करीब 82 करोड़ रुपये है। फिल्मों के अलावा वह ब्रांड एंडोर्समेंट, बिजनेस वेंचर्स और सोशल मीडिया प्रमोशन से भी अच्छी कमाई करती हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, कृति एक फिल्म के लिए 4 से 10 करोड़ रुपये तक फीस लेती हैं। प्रॉपर्टी की बात करें तो कृति के पास मुंबई के पाली हिल स्थित 'सुप्रीम प्राणा' टॉवर में लगभग 84.16 करोड़ रुपये का सी-फेसिंग डुप्लेक्स पेंटहाउस है। इसके अलावा अलीबाग में 2,000 वर्ग फुट का प्लॉट, मुंबई के अंधेरी में एक अपार्टमेंट और दिल्ली में उनका पारिवारिक घर भी मौजूद है। कृति को लग्जरी कारों का भी खास शौक है। उनके कार कलेक्शन में करीब 3 करोड़ रुपये की मर्सिडीज, 1.30 करोड़ रुपये से अधिक कीमत वाली टोयोटा वेलफायर, ऑडी Q7 और बीएमडब्ल्यू 3 सीरीज जैसी महंगी गाड़ियां शामिल हैं। दिलचस्प बात यह है कि आज कई करोड़ की संपत्ति की मालकिन बन चुकी कृति कभी अमिताभ बच्चन के अंधेरी स्थित डुप्लेक्स फ्लैट में किराए पर रहती थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह उस फ्लैट के लिए हर महीने करीब 10 लाख रुपये किराया देती थीं। किराए के घर से करोड़ों की प्रॉपर्टी तक का कृति सेनन का सफर उनकी मेहनत और सफलता की कहानी बयां करता है।