केली हॉटल, जिन्होंने हॉलीवुड फिल्म Godzilla vs. Kong में जिया का किरदार निभाकर दुनियाभर में पहचान बनाई थी, अब इस दुनिया में नहीं रहीं। महज 18 साल की उम्र में एक सड़क हादसे में उनका निधन हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका के मैरीलैंड में हुए इस हादसे में उन्होंने अपनी जान गंवाई। उनके निधन की पुष्टि उनके पिता जोशुआ हॉटल ने अमेरिकन साइन लैंग्वेज (ASL) में फेसबुक लाइव के जरिए की। इस दुखद खबर के सामने आते ही फैंस और मनोरंजन जगत में शोक की लहर दौड़ गई। Texas School for the Deaf, जहां केली सीनियर स्टूडेंट थीं, ने भी सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त करते हुए परिवार के प्रति संवेदना जताई और लोगों से हादसे को लेकर किसी भी तरह की अफवाह न फैलाने तथा परिवार की निजता का सम्मान करने की अपील की। केली ने 2021 में रिलीज हुई Godzilla vs. Kong में एक बहरी और मूक अनाथ बच्ची जिया का किरदार निभाया था, जिसका किंग कॉन्ग के साथ भावनात्मक रिश्ता दर्शकों को बेहद पसंद आया। उनकी शानदार परफॉर्मेंस के चलते उन्हें 2024 में रिलीज हुई Godzilla x Kong: The New Empire में भी उसी भूमिका में वापस लाया गया। इस किरदार के लिए उन्हें Saturn Awards में Best Performance by a Younger Actor कैटेगरी में नॉमिनेशन भी मिला था। कम उम्र में अपनी प्रतिभा से अलग पहचान बनाने वाली केली हॉटल की यादें और उनकी बेहतरीन अदाकारी हमेशा दर्शकों के दिलों में जिंदा रहेंगी।

---विज्ञापन---