बॉलीवुड की दो बड़ी एक्ट्रेसेस दीपिका पादुकोण और कैटरीना कैफ एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह रणबीर कपूर नहीं, बल्कि साउथ सुपरस्टार प्रभास की मच-अवेटेड फिल्म 'स्पिरिट' है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म में दीपिका पादुकोण के बाहर होने के बाद अब कैटरीना कैफ के नाम पर विचार किया जा रहा है। दरअसल, पहले खबर थी कि 'कल्कि 2898 AD' के बाद प्रभास और दीपिका पादुकोण की जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर नजर आएगी। फैंस भी इस जोड़ी को लेकर काफी उत्साहित थे, लेकिन अचानक दीपिका के फिल्म से अलग होने की खबर सामने आई। अब ताजा रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा फिल्म में कैटरीना कैफ को एक अहम रोल के लिए कास्ट करने की तैयारी कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि भले ही उनका किरदार ज्यादा बड़ा नहीं होगा, लेकिन कहानी के एक अहम मोड़ पर इसकी भूमिका काफी महत्वपूर्ण होगी। हालांकि, अभी तक मेकर्स या कैटरीना की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दीपिका और कैटरीना का नाम सामने आते ही सोशल मीडिया पर एक बार फिर दोनों की तुलना शुरू हो गई है। कभी रणबीर कपूर की वजह से चर्चा में रहने वाली दोनों अभिनेत्रियां अब अपनी-अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुकी हैं। दीपिका रणवीर सिंह के साथ खुशहाल जिंदगी बिता रही हैं, वहीं कैटरीना विक्की कौशल के साथ शादीशुदा जिंदगी एंजॉय कर रही हैं। वहीं, रिपोर्ट्स के मुताबिक दीपिका के फिल्म छोड़ने की वजह फीस और काम के घंटों को लेकर मतभेद बताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। बाद में तृप्ति डिमरी के फिल्म से जुड़ने की खबरें भी सामने आई थीं।