बिग बॉस 20 के दूसरे वीकेंड का वार में सलमान खान ने कंटेस्टेंट्स की लड़ाइयों से हटकर सोशल मीडिया ट्रोलिंग के मुद्दे पर खुलकर बात की। भाईजान ने उन लोगों को जमकर फटकार लगाई, जो किसी के वजन, लुक्स, परिवार और पर्सनल लाइफ का मजाक बनाकर सोशल मीडिया पर पैसे कमाते हैं। इस दौरान उन्होंने मां बनने वाली महिलाओं को ट्रोल करने वालों को भी निशाने पर लिया। सलमान ने स्काउट से सवाल किया कि क्या फॉलोअर्स और व्यूज के जरिए कमाई करने वाले लोग दूसरों को बुली करके पैसे कमा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग सोशल मीडिया का इस्तेमाल प्यार और अच्छी सलाह देने के लिए करते हैं, जबकि कुछ लोग नफरत फैलाते हैं। इसी दौरान सलमान की बातों को कटरीना कैफ की बॉडी शेमिंग से भी जोड़कर देखा गया, हालांकि उन्होंने एक्ट्रेस का नाम नहीं लिया। सलमान ने खुद को ट्रोल करने वालों का भी जिक्र किया और बताया कि उन्होंने साइबर सेल की मदद से एक ट्रोल की पहचान की थी। इसके बाद उन्होंने लड़कियों के गलत एंगल से वीडियो बनाने वाले पैपराजी पर भी नाराजगी जताई और आपत्तिजनक कंटेंट बनाने वालों को फटकार लगाई। आखिर में सलमान ने ट्रोलर्स को चुनौती देते हुए अपनी टी-शर्ट उतारकर अपनी फिट बॉडी भी दिखाई।