टीवी एक्ट्रेस करिश्मा तन्ना इन दिनों अपनी जिंदगी के सबसे खास दौर यानी मदरहुड को एंजॉय कर रही हैं। 29 जुलाई को करिश्मा और उनके पति वरुण बंगेरा ने अपने पहले बच्चे के जन्म की खुशखबरी फैंस के साथ शेयर की थी। कपल ने बताया था कि उनके घर बेटे ने जन्म लिया है। मां बनने के बाद करिश्मा कुछ समय के लिए लाइमलाइट से दूर रहीं और अपना पूरा वक्त बेटे की देखभाल में लगा रही थीं। अब डिलीवरी के करीब 20 दिन बाद करिश्मा पहली बार पब्लिकली स्पॉट हुई हैं। 18 अगस्त को वह पति वरुण के साथ डिनर आउटिंग पर नजर आईं। बताया जा रहा है कि दोनों करिश्मा की मां के जन्मदिन के मौके पर परिवार के साथ डिनर करने पहुंचे थे। इस दौरान करिश्मा काफी खुश और ग्लैमरस अंदाज में नजर आईं। वीडियो सामने आते ही फैंस का ध्यान उनके फिट लुक पर गया। कई लोग इतनी जल्दी फिट नजर आने पर हैरान रह गए और उनकी तारीफ करने लगे। हालांकि, इस दौरान करिश्मा के नन्हे बेटे की कोई झलक नहीं दिखी, जिसे लेकर कुछ फैंस ने सवाल भी किए। वहीं, कई लोगों ने एक्ट्रेस को इस नए सफर के लिए प्यार और शुभकामनाएं दीं।