बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के एक्स पति और दिवंगत बिजनेसमैन संजय कपूर के निधन के बाद से करीब 30 हजार करोड़ रुपये की संपत्ति को लेकर चल रहा विवाद लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। इस मामले में करिश्मा कपूर और संजय कपूर की पत्नी प्रिया सचदेव कपूर के बीच कानूनी जंग देखने को मिली है। अब इस विवाद से जुड़ी एक बड़ी अपडेट सामने आई है। सुप्रीम कोर्ट ने मामले की सुनवाई के दौरान माना कि परिवार के बीच बातचीत के जरिए इस विवाद का समाधान निकाला जा सकता है। कोर्ट में मेडिएशन की शुरुआती रिपोर्ट पेश की गई, जिसे सकारात्मक बताया गया। कोर्ट के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच बातचीत सही दिशा में आगे बढ़ रही है और भविष्य में इसका सकारात्मक नतीजा सामने आ सकता है। इसी को देखते हुए मेडिएशन प्रक्रिया को 2 नवंबर तक बढ़ा दिया गया है। साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने सभी पक्षों को सलाह दी है कि वे इस पारिवारिक विवाद को लेकर सोशल मीडिया या सार्वजनिक मंचों पर बयानबाजी करने से बचें और आपसी बातचीत के जरिए समाधान निकालने की कोशिश करें। इस अपडेट के बाद ऐसी चर्चाएं तेज हो गई हैं कि क्या करिश्मा और प्रिया के बीच चल रही कानूनी जंग अब खत्म होने की राह पर है। फिलहाल सभी की नजर नवंबर में आने वाली अगली रिपोर्ट पर है। बता दें कि 12 जून 2025 को पोलो खेलते समय अचानक संजय कपूर की मौत हो गई थी, जिसके बाद उनकी संपत्ति और उत्तराधिकार को लेकर विवाद सामने आया।