बॉलीवुड में दिवाली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। इस खास मौके पर कपूर खानदान में भी जश्न देखने को मिला। जहां रणबीर कपूर ने पत्नी आलिया भट्ट और मां नीतू कपूर के साथ लक्ष्मी पूजा के बाद फैंस को दिवाली की शुभकामनाएं दीं, वहीं करीना और करिश्मा कपूर ने अपनी दिवाली माता-पिता रणधीर और बबीता कपूर के नाम की। दरअसल, करिश्मा कपूर ने दिवाली के मौके पर अपने ऑफिस में लक्ष्मी पूजा रखी थी, जिसमें शामिल होने के लिए रणधीर और बबीता कपूर भी पहुंचे। उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के बावजूद दोनों बेटी की खुशी में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पैपराजी को पोज दिए और दिवाली की बधाई भी दी। वहीं, करीना कपूर भी बड़ी बहन के ऑफिस पहुंचीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर इस खास सेलिब्रेशन की चार तस्वीरें शेयर कीं। तस्वीरों में करीना और करिश्मा अपने माता-पिता के पैरों के पास बैठी नजर आईं। एक तस्वीर में करीना के बड़े बेटे तैमूर अपने नानू रणधीर कपूर को गले लगाते दिखे। इन तस्वीरों के साथ करीना ने लिखा, "जीना यहां, मरना यहां, मां और पापा के सिवाय, जाना कहां।" उन्होंने सभी को दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए माता-पिता से हमेशा प्यार करने का संदेश भी दिया।