करीना कपूर की एक तस्वीर ने सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर ली है। वैसे तो करीना और सैफ अली खान अपने बेटों तैमूर और जेह को अक्सर मीडिया की लाइमलाइट से दूर रखने की कोशिश करते हैं, लेकिन इस बार खुद करीना की पोस्ट ने तैमूर को चर्चा का विषय बना दिया है। दरअसल, इन दिनों पटौदी परिवार छुट्टियां मना रहा है। इसी बीच करीना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर क्रिकेट नेट प्रैक्टिस की कुछ तस्वीरें साझा कीं। तस्वीरों में करीना बॉलिंग करती नजर आ रही हैं, जबकि तैमूर बैटिंग की प्रैक्टिस कर रहे हैं। इन तस्वीरों के साथ करीना ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि उनके टैलेंट को कम मत समझो, वह जसप्रीत बुमराह को भी कॉम्पिटिशन दे सकती हैं। हालांकि, फैंस का ध्यान करीना के मजाक से ज्यादा तैमूर के क्रिकेटिंग अंदाज ने खींच लिया। उनकी बैट पकड़ने की स्टाइल और बॉडी लैंग्वेज देखकर सोशल मीडिया यूजर्स उन्हें भविष्य का क्रिकेट स्टार बताने लगे। कई लोगों ने तैमूर की झलक उनके दादा और भारतीय क्रिकेट के दिग्गज कप्तान मंसूर अली खान पटौदी उर्फ टाइगर पटौदी से जोड़ दी। मंसूर अली खान पटौदी भारतीय क्रिकेट इतिहास के महान कप्तानों में गिने जाते हैं। वहीं उनके बेटे सैफ अली खान ने क्रिकेट की जगह अभिनय को अपना करियर चुना। सैफ के बड़े बेटे इब्राहिम अली खान भी एक्टिंग की दुनिया में कदम रख चुके हैं। हालांकि, तैमूर की रुचि खेलों में ज्यादा दिखाई देती है। उन्हें कई बार क्रिकेट और फुटबॉल खेलते देखा गया है। करीना भी इंटरव्यू में बता चुकी हैं कि तैमूर को क्रिकेट से खास लगाव है और वह अक्सर विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे क्रिकेटरों के बारे में बात करते हैं।