टीवी अभिनेता करण वाही अपने हालिया बयान को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने अपने पिछले रिश्तों, ब्रेकअप और आज की डेटिंग कल्चर पर खुलकर बात की। हालांकि, उनके कुछ बयान सोशल मीडिया यूजर्स को पसंद नहीं आए, जिसके बाद उन्हें ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है। करण वाही ने कहा कि उनकी मां की पीढ़ी की महिलाएं मुश्किल परिस्थितियों को अलग तरीके से संभालती थीं, जबकि आज की कई महिलाएं कम धैर्य रखती हैं। उन्होंने अपनी मां का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले लोग परेशान होने पर शांत रहकर स्थिति को संभालने की कोशिश करते थे, जबकि आज रिश्तों को खत्म करना ज्यादा आसान माना जाता है। इंटरव्यू के दौरान करण ने अपनी डेटिंग लाइफ का एक किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि एक समय उन्होंने तय किया था कि वह एक साथ कई लोगों को डेट नहीं करेंगे ताकि किसी तरह की उलझन न हो। लेकिन बाद में उन्हें पता चला कि जिस लड़की के साथ वह डेट पर गए थे, वह उसी दौरान कई अन्य लोगों को भी डेट कर रही थी। करण ने कहा कि उन्होंने उस महिला को जज नहीं किया, लेकिन यह जरूर सोचा कि ऐसे रिश्ते आखिर किस दिशा में जाते हैं। करण के इन बयानों के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कुछ यूजर्स का कहना है कि उनका बयान महिलाओं को लेकर जजमेंटल है, जबकि कई लोग उनके विचारों का समर्थन भी कर रहे हैं। फिलहाल, करण वाही का यह इंटरव्यू चर्चा का विषय बना हुआ है।