टीवी इंडस्ट्री के पॉपुलर कपल Karan Kundrra और Tejasswi Prakash ने आखिरकार सगाई कर ली है। लंबे समय से दोनों की शादी की खबरें चर्चा में थीं, लेकिन अब करण ने दुबई के रेगिस्तान में बेहद फिल्मी अंदाज में तेजस्वी को प्रपोज कर फैंस को बड़ा सरप्राइज दे दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों में यह कपल किसी फेयरी टेल जैसा नजर आ रहा है। सुनहरी रेत के बीच रॉयल सेटअप में करण घुटनों पर बैठकर तेजस्वी को डायमंड रिंग पहनाते दिखाई दिए। जैसे ही करण ने रिंग बॉक्स खोला, तेजस्वी इमोशनल हो गईं और उनकी आंखों में खुशी के आंसू नजर आए। बता दें कि दोनों इन दिनों रियलिटी शो ‘देसी ब्लिंग’ की शूटिंग के लिए दुबई में हैं। इसी दौरान करण ने इस ड्रीमी प्रपोजल को प्लान किया। फैंस अब दोनों की शादी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।