टीवी इंडस्ट्री की चर्चित एक्ट्रेस सान्वी तलवार ने सालों पुराने करण कुंद्रा थप्पड़ विवाद पर पहली बार खुलकर अपनी बात रखी है। एक हालिया इंटरव्यू में उन्होंने दावा किया कि इस घटना ने उन्हें मानसिक रूप से पूरी तरह तोड़ दिया था। सान्वी ने सबसे पहले उन अफवाहों को खारिज किया, जिनमें कहा जाता था कि वह करण कुंद्रा को पसंद करती थीं। उन्होंने कहा कि अगर किसी की तरफ से दिलचस्पी दिखाई गई थी, तो वह करण की ओर से थी, उनकी तरफ से नहीं। एक्ट्रेस ने बताया कि शूटिंग के दौरान कुछ सीन, खासकर एक बाथरूम सीक्वेंस, उन्हें असहज महसूस करा रहे थे। इसी वजह से उन्होंने करण कुंद्रा की तत्कालीन गर्लफ्रेंड अनुषा दांडेकर से संपर्क किया। सान्वी के मुताबिक, अनुषा ने उनकी बात गंभीरता से सुनी और बाद में कई बार शूटिंग सेट पर भी पहुंचीं। सबसे बड़ा खुलासा किसिंग सीन को लेकर हुआ। सान्वी का आरोप है कि डायरेक्टर के क्यू देने से पहले ही करण ने उन्हें किस कर लिया। इसे उन्होंने गलत हरकत बताते हुए करण को थप्पड़ मार दिया। सान्वी का दावा है कि कुछ देर बाद करण वापस आए और पूरी यूनिट के सामने उन्हें जोरदार थप्पड़ मारा, जिससे वह जमीन पर गिर गईं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उस समय सेट पर मौजूद किसी भी व्यक्ति ने उनका साथ नहीं दिया। सान्वी ने बताया कि घटना के बाद वह डिप्रेशन में चली गई थीं। बाद में एकता कपूर ने उनसे मुलाकात की, उनकी बात सुनी और करण की ओर से माफी भी जताई। फिलहाल करण कुंद्रा की ओर से इन आरोपों पर कोई नई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

---विज्ञापन---