टीवी इंडस्ट्री के सबसे पसंदीदा कपल्स में से एक करण कुंद्रा और तेजस्वी प्रकाश एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी शादी की अफवाहें नहीं बल्कि उनकी सगाई से जुड़ा एक ऐसा खुलासा है, जिसने फैंस को हैरान कर दिया है। हाल ही में करण कुंद्रा ने एक पॉडकास्ट में अपनी और तेजस्वी की सगाई को लेकर बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया कि दोनों ने अपनी सगाई की खबर पूरे एक साल तक दुनिया से छुपाकर रखी थी। जिस कपल की हर छोटी-बड़ी अपडेट सोशल मीडिया पर वायरल हो जाती है, उन्होंने अपनी जिंदगी के इस खास पल को लंबे समय तक प्राइवेट रखा। करण के मुताबिक, उनकी और तेजस्वी की सगाई शो ‘देसी ब्लिंग’ के आखिरी एपिसोड की शूटिंग के दौरान हुई थी। हालांकि शो की शूटिंग एक साल पहले पूरी हो चुकी थी और बाद में ऑन एयर हुआ। ऐसे में दर्शकों ने हाल ही में जो सगाई देखी, वह असल जिंदगी में एक साल पहले हो चुकी थी। करण ने बताया कि इस दौरान तेजस्वी के लिए अपनी इंगेजमेंट रिंग को छिपाकर रखना सबसे मुश्किल था, क्योंकि एक लड़की के लिए सगाई की अंगूठी सिर्फ गहना नहीं बल्कि कई भावनाओं से जुड़ी होती है। लेकिन शो की गोपनीयता बनाए रखने के लिए दोनों ने इस राज को संभालकर रखा। बता दें कि करण और तेजस्वी की लव स्टोरी बिग बॉस 15 से शुरू हुई थी। शो के बाद भी दोनों का रिश्ता मजबूत होता गया। अब उनकी सीक्रेट सगाई का खुलासा होने के बाद फैंस उनकी शादी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।