कपूर परिवार के लिए इस साल गणपति विसर्जन बेहद खास रहा। अपने नए कृष्णा राज बंगले में पहली बार गणपति बप्पा की स्थापना करने के बाद पूरे परिवार ने मिलकर उन्हें भावुक विदाई दी। रणबीर कपूर, आलिया भट्ट, नीतू कपूर और नन्हीं राहा की झलकियों ने इस खास मौके को और यादगार बना दिया। वायरल वीडियो में रणबीर कपूर नंगे पैर गणपति बप्पा की सजी हुई मूर्ति को संभालते हुए नजर आए। ऑरेंज कुर्ते और व्हाइट पैंट में रणबीर बेहद सादगी भरे अंदाज में दिखाई दिए। वहीं, आलिया भट्ट पिंक और येलो ट्रेडिशनल आउटफिट में अपनी बेटी राहा को गोद में लेकर परिवार के साथ रस्में निभाती नजर आईं। बताया जा रहा है कि यह उनके ससुराल में पहली गणेश चतुर्थी थी। नीतू कपूर भी ब्लू आउटफिट में पूजा की थाली लेकर परिवार के साथ चलती दिखाई दीं। कपूर परिवार ने करीब 250 करोड़ रुपये की कीमत वाले कृष्णा राज बंगले में पहली बार गणपति उत्सव मनाया। पांचवें दिन पूरे रीति-रिवाज से बप्पा का विसर्जन किया गया। इस दौरान परिवार ने गणपति बप्पा मोरया के जयकारे भी लगाए। विसर्जन के बाद रणबीर ने पैपराजी और वहां मौजूद लोगों से भी मुलाकात की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।