बॉलीवुड का चर्चित ऋतिक रोशन-कंगना रनौत विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। सोशल मीडिया पर 'The World Owes an Apology to Hrithik Roshan' ट्रेंड वायरल होने के बाद ऋतिक ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि सिर्फ इसलिए किसी एक का पक्ष लेना क्योंकि अब दूसरा पसंद नहीं है, समाज की बड़ी समस्या है और लोगों को पूरे तथ्यों का इंतजार करना चाहिए। ऋतिक के इस बयान पर कंगना रनौत भड़क गईं। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लंबा पोस्ट शेयर करते हुए ऋतिक के साथ उनकी गर्लफ्रेंड सबा आजाद का भी जिक्र किया। कंगना ने लिखा कि ऋतिक को उनके नाम का इस्तेमाल कर उन्हें ट्रोल और हैरेस करने वालों की आलोचना करनी चाहिए, न कि विवाद को और बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि अपनी पार्टनर को शर्मिंदा करना बंद करें। बता दें कि हाल ही में Gen Z पर कंगना के विवादित बयान के बाद सोशल मीडिया पर यह पुराना विवाद फिर से चर्चा में आ गया।