एक्ट्रेस और सांसद कंगना रनौत एक बार फिर अपने बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार विवाद किसी फिल्म या बॉलीवुड को लेकर नहीं, बल्कि Gen Z और खासकर कुछ युवा हिंदू लड़कियों पर की गई उनकी टिप्पणी को लेकर खड़ा हुआ है। कंगना की इंस्टाग्राम स्टोरी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और इसे लेकर तीखी बहस छिड़ गई है। अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में कंगना ने दावा किया कि कुछ युवा लड़कियां बिना मेहनत किए स्वतंत्र महिलाओं जैसी जिंदगी जीना चाहती हैं। उनके मुताबिक, असली आजादी वही है जो मेहनत, जिम्मेदारी और आत्मनिर्भरता से हासिल की जाए, न कि केवल दिखावे के लिए। सबसे ज्यादा विवाद तब हुआ जब कंगना ने कुछ लड़कियों के लिए "Generation Gutter" शब्द का इस्तेमाल किया। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी लड़कियां ड्रग्स, शराब और कई लोगों के साथ शारीरिक संबंधों को "फ्रीडम" के नाम पर ग्लैमराइज करती हैं। कंगना ने इसे जिम्मेदारी नहीं, बल्कि दिखावे की सोच बताया। इस पोस्ट के सामने आते ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X, Instagram और Reddit पर बहस तेज हो गई। कुछ यूजर्स ने इसे कंगना का बेबाक सच बताया, जबकि कई लोगों ने उनके बयान को पूरी पीढ़ी के प्रति अनुचित सामान्यीकरण करार दिया। फिलहाल कंगना रनौत ने अपने वायरल पोस्ट पर कोई अतिरिक्त सफाई नहीं दी है। हालांकि, उनका यह बयान इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है और लोगों के बीच लगातार अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

---विज्ञापन---