मां दुर्गा के आगमन के साथ ही मुखर्जी परिवार के दुर्गा पूजा पंडाल में रौनक छा गई। हर साल की तरह इस बार भी भव्य मूर्ति, फूलों की बारिश और भक्तिमय माहौल ने सभी का दिल जीत लिया। लेकिन इस बार काजोल और तनीषा मुखर्जी का अपनी मां तनुजा के लिए प्यार भी खूब सुर्खियां बटोर रहा है। दरअसल, 15 अक्टूबर को मुंबई के मशहूर नॉर्थ बॉम्बे सर्बोजनिन दुर्गा पूजा पंडाल में मुखर्जी परिवार ने मां दुर्गा की पूजा की शुरुआत की। इस दौरान मां दुर्गा की भव्य मूर्ति से पर्दा हटाया गया और चारों तरफ फूल बरसाए गए। काजोल सिंदूरी लाल-नारंगी साड़ी में बेहद खूबसूरत नजर आईं, जबकि तनीषा और तनुजा भी ट्रेडिशनल लुक में दिखाई दीं। इस बीच परिवार के कुछ प्यारे पल कैमरे में कैद हो गए। काजोल और तनीषा अपनी मां के साथ तस्वीरें खिंचवाती नजर आईं। दोनों ने तनुजा को गले लगाया और उनके गालों पर किस करके प्यार जताया। वहीं, अयान मुखर्जी ने भी तीनों की तस्वीरें क्लिक कीं। सबसे खास पल तब आया, जब काजोल अपनी मां का शॉल ठीक करती दिखीं और तनीषा भी उनका ख्याल रखने पहुंच गईं। बाद में तनीषा ने तनुजा को मास्क पहनाया और उनका हाथ थामकर आगे ले गईं। मां-बेटियों के इस खूबसूरत रिश्ते ने फैंस का दिल जीत लिया।