नवरात्रि के मौके पर मुंबई में मुखर्जी परिवार की दुर्गा पूजा में बॉलीवुड सितारों का जमावड़ा देखने को मिला। 17 अक्टूबर को रणबीर कपूर नॉर्थ बॉम्बे सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल पहुंचे, जहां उन्होंने मां दुर्गा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान रणबीर लाल और सुनहरे रंग की कढ़ाई वाले सिल्क कुर्ते और सफेद पायजामे में नजर आए। वह नंगे पैर पंडाल पहुंचे और मां दुर्गा के सामने हाथ जोड़कर प्रार्थना की। पुजारी से तिलक लगवाने के बाद उन्होंने उनके पैर छूकर आशीर्वाद भी लिया। हालांकि, इस दौरान एक पल ऐसा आया, जब पैर छूते समय रणबीर का पैर गलत जगह पड़ गया। एहसास होते ही उन्होंने तुरंत अपना पैर पीछे कर लिया। रणबीर का यह अंदाज सोशल मीडिया पर चर्चा में है। लेकिन इस बीच फैंस को उनकी पत्नी आलिया भट्ट की कमी खली। रणबीर के साथ आलिया नजर नहीं आईं, तो लोगों ने सवाल पूछने शुरू कर दिए। हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक, आलिया अपनी बहन शाहीन भट्ट के साथ रणबीर से पहले ही पंडाल पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन कर चुकी थीं। ऐसे में दोनों के बीच अनबन की अटकलों की कोई पुष्टि नहीं है। पूजा में रणबीर ने सिंगर हर्षदीप कौर के साथ फिल्म 'ये जवानी है दीवानी' का मशहूर गाना 'कबीरा' भी गाया। इस मौके पर अयान मुखर्जी और तनिषा मुखर्जी समेत कई सितारे मौजूद रहे।