बॉलीवुड के मशहूर सिंगर जुबिन नौटियाल की जिंदगी में एक नया और बेहद खूबसूरत चैप्टर शुरू हो गया है। जुबिन अब पापा बन गए हैं। गणेश चतुर्थी के शुभ मौके पर उनके घर नन्हे मेहमान ने दस्तक दी। उनकी पत्नी ने 14 सितंबर को एक बेटे को जन्म दिया। जुबिन ने खुद इस खुशखबरी की पुष्टि की है। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में सिंगर ने बताया कि उनके बेटे का जन्म गणेश चतुर्थी के दिन हुआ और मां-बेटा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं और अब घर लौट चुके हैं। जुबिन ने यह भी बताया कि फिलहाल उन्होंने अपने बेटे का नाम तय नहीं किया है। उनका कहना है कि इस समय वह नाम तय करने से ज्यादा अपने बेटे के साथ हर खूबसूरत पल को जीना चाहते हैं। वह अपने नन्हे बेटे के साथ ज्यादा से ज्यादा वक्त बिता रहे हैं और परिवार के इस नए फेज को पूरी तरह एंजॉय कर रहे हैं। वहीं, जुबिन की पत्नी को लेकर भी लोगों में उत्सुकता बनी हुई है। सिंगर अपनी पर्सनल लाइफ को हमेशा लाइमलाइट से दूर रखना पसंद करते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जुबिन ने अप्रैल 2026 में अपनी बचपन की दोस्त ऋचा चंदेल के साथ उत्तराखंड में एक प्राइवेट सेरेमनी में शादी की थी। शादी को बेहद सादगी और गोपनीयता के साथ रखा गया था। सामने आई तस्वीरों में उनकी पत्नी का चेहरा भी साफ नजर नहीं आया था। यही वजह है कि उनकी शादी की खबर ने फैंस को काफी हैरान कर दिया था। अब बेटे के जन्म की खबर ने एक बार फिर सभी को चौंका दिया है। हालांकि, जुबिन ने अभी तक अपने बेटे की कोई तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर नहीं की है। फैंस लगातार सिंगर से उनके बेटे और पत्नी की झलक दिखाने की अपील कर रहे हैं, लेकिन फिलहाल जुबिन अपने परिवार की प्राइवेसी बनाए रखना चाहते हैं।