टीवी की सबसे पॉपुलर एक्ट्रेसेस में शुमार जेनिफर विंगेट एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक्ट्रेस अपनी जिंदगी का नया चैप्टर शुरू करने की तैयारी में हैं। दावा किया जा रहा है कि जेनिफर 16 जुलाई को यूके में अपने कथित बॉयफ्रेंड विलियम इस्माइल के साथ एक इंटिमेट व्हाइट वेडिंग करने वाली हैं। बताया जा रहा है कि इस प्राइवेट सेरेमनी में सिर्फ परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त ही शामिल होंगे। वहीं, ऐसी भी खबरें हैं कि जेनिफर इस खास मौके पर मशहूर डिजाइनर कार्लेओ द्वारा डिजाइन किया गया व्हाइट ब्राइडल गाउन पहनेंगी। हालांकि, इन सभी दावों की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है और न ही जेनिफर ने इन खबरों पर कोई प्रतिक्रिया दी है। रिपोर्ट्स के अनुसार, जेनिफर और विलियम पिछले काफी समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। हाल ही में एक वेकेशन के दौरान विलियम ने उन्हें शादी के लिए प्रपोज किया था। कहा जाता है कि दोनों अक्सर सिंगापुर में मीडिया की नजरों से दूर समय बिताते हैं। विलियम इश्माइल एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से नहीं जुड़े हैं, बल्कि फाइनेंशियल सेक्टर और डिजिटल एसेट्स से जुड़े प्रोफेशनल हैं। जेनिफर की पहली शादी टीवी अभिनेता करण सिंह ग्रोवर से 2012 में हुई थी, लेकिन 2014 में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद जेनिफर ने अपने करियर पर पूरा ध्यान दिया और कई सफल शोज के जरिए टीवी की टॉप एक्ट्रेसेस में अपनी जगह बनाई। फिलहाल, शादी की ये सभी खबरें रिपोर्ट्स और अटकलों पर आधारित हैं। अब सभी की नजर इस बात पर है कि क्या जेनिफर इन चर्चाओं पर आधिकारिक मुहर लगाती हैं।