टीवी की पॉपुलर एक्ट्रेस जेनिफर विंगेट अपनी शादी को लेकर सुर्खियों में हैं। ‘माया’ फेम जेनिफर ने अपने विदेशी बिजनेसमैन पति विलियम इश्माएल के साथ गोवा में एक बार फिर शादी की है। इस ग्रैंड वेडिंग की तस्वीरें और वीडियोज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। गोवा में हुई इस शादी में जेनिफर और विलियम के करीबी दोस्त और रिश्तेदार शामिल हुए। टीवी और बॉलीवुड इंडस्ट्री के कई सितारे भी इस खास मौके पर नजर आए। रितेश देशमुख, जेनेलिया डिसूजा, शब्बीर अहलूवालिया और करण वाही समेत कई सेलेब्स ने कपल के साथ खुशियां मनाईं। इस खास दिन के लिए जेनिफर ने पेस्टल पीच शेड का खूबसूरत वेस्टर्न गाउन पहना था। लाइट मेकअप और खुले बालों में एक्ट्रेस बेहद खूबसूरत लग रही थीं। वहीं विलियम पेस्टल ग्रीन कोट और वाइट पैंट में नजर आए। शादी के दौरान दोनों ने एक-दूसरे से जिंदगीभर साथ निभाने के वादे किए और बाद में रोमांटिक अंदाज में नजर आए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जेनिफर और विलियम ने इससे पहले जुलाई 2026 में यूके में क्रिश्चियन रीति-रिवाज से शादी की थी। हालांकि, इस समारोह में कई करीबी लोग शामिल नहीं हो पाए थे। इससे पहले जेनिफर ने 2012 में एक्टर करण सिंह ग्रोवर से शादी की थी, लेकिन 2014 में दोनों अलग हो गए थे।