टीवी इंडस्ट्री की लोकप्रिय एक्ट्रेस जेनिफर विंगेट एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। पिछले कई महीनों से ऐसी चर्चाएं चल रही हैं कि जेनिफर, करण सिंह ग्रोवर से तलाक के 12 साल बाद अपनी जिंदगी की नई शुरुआत करने जा रही हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि वह सिंगापुर बेस्ड बिजनेसमैन विलियम इश्माएल के साथ 16 जुलाई को यूके में शादी करने वाली हैं। हालांकि तय तारीख गुजर जाने के बाद भी शादी की कोई आधिकारिक तस्वीर या पुष्टि सामने नहीं आई। इसी बीच सोशल मीडिया पर जेनिफर की कुछ तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं, जिनमें वह व्हाइट ब्राइडल गाउन ट्राई करती नजर आ रही हैं। बताया जा रहा है कि ये तस्वीरें एक ट्रायल सेशन की हैं, जहां वह डिजाइनर्स के साथ अपने वेडिंग गाउन की फिटिंग, फैब्रिक और डिटेलिंग पर चर्चा कर रही थीं। स्वीटहार्ट नेकलाइन वाले स्ट्रैपलेस गाउन और नेट वेल में जेनिफर का ब्राइडल लुक फैंस को बेहद पसंद आ रहा है। इन तस्वीरों के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कयासों का दौर तेज हो गया है। कई फैंस का मानना है कि जेनिफर और विलियम ने पहले ही सीक्रेट वेडिंग कर ली है और ये तस्वीरें उसी तैयारी का हिस्सा हैं। हालांकि अब तक जेनिफर विंगेट ने न तो शादी की खबरों की पुष्टि की है और न ही इन अफवाहों का खंडन किया है। बता दें कि 41 वर्षीय जेनिफर का नाम लंबे समय से सिंगापुर के फिनटेक और ट्रेडिंग बिजनेसमैन विलियम इश्माएल के साथ जोड़ा जा रहा है। दोनों की कुछ तस्वीरें पहले भी वायरल हो चुकी हैं, लेकिन दोनों ने अपने रिश्ते पर कभी सार्वजनिक बयान नहीं दिया। फिलहाल फैंस को जेनिफर की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।