जया बच्चन का एक अलग ही अंदाज इन दिनों सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। अपने बेबाक और सीरियस अंदाज के लिए पहचानी जाने वाली जया बच्चन मुंबई में हुए एक बुक लॉन्च इवेंट में खुलकर हंसती और मुस्कुराती नजर आईं। उनके कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिन्हें देखकर फैंस भी काफी खुश और थोड़े हैरान हैं। इस खास इवेंट में जया बच्चन के साथ अमिताभ बच्चन और मशहूर गीतकार गुलजार भी मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान जया का मूड काफी खुशनुमा नजर आया। वह गुलजार के साथ हंसी-मजाक करती दिखीं और उनके चेहरे पर बड़ी-सी मुस्कान साफ नजर आई। लेकिन इस इवेंट का सबसे प्यारा पल तब देखने को मिला, जब जया को स्टेज पर बुलाया गया। अमिताभ पहले से स्टेज पर मौजूद थे और जया के वहां पहुंचते ही उन्होंने उनकी तरफ हाथ बढ़ाया। जया ने भी उनका हाथ थामा और स्टेज पर पहुंचीं। दोनों का ये छोटा-सा जेस्चर कैमरे में कैद हो गया। जया की हंसी देखकर सोशल मीडिया यूजर्स भी उनकी तारीफ करते नजर आए। किसी ने लिखा कि उन्होंने जया को पहली बार इतना हंसते देखा, तो किसी ने दोनों को प्यारा कपल बताया। वहीं, जया और गुलजार की बॉन्डिंग ने भी लोगों का ध्यान खींचा। दोनों के बीच लंबे समय से खास रिश्ता रहा है और जया उन्हें प्यार से ‘गुलजार भाई’ कहती हैं।