बॉलीवुड के दिग्गज लेखक और गीतकार जावेद अख्तर 81 साल की उम्र में अपने एक बयान को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू में उन्होंने अपनी जिंदगी के पुराने किस्से साझा किए और उन गलतियों के बारे में बताया, जिनका उन्हें आज भी पछतावा है। दरअसल, जावेद अख्तर ने खुलासा किया कि शराब की लत ने उनकी जिंदगी के करीब 15 साल बर्बाद कर दिए। उन्होंने बताया कि एक समय ऐसा था, जब वह हर रात शराब की पूरी बोतल पी जाते थे। इस आदत का उनकी जिंदगी और फैसलों पर भी बुरा असर पड़ा। उन्होंने माना कि जिंदगी की ज्यादातर बड़ी गलतियां उन्होंने शराब के नशे में की थीं। जावेद ने बताया कि उन्होंने 31 जुलाई 1991 को आखिरी बार शराब पी थी। इसके बाद से उन्होंने कभी शराब को हाथ नहीं लगाया। उन्होंने यह फैसला इसलिए लिया क्योंकि वह लंबी जिंदगी जीना चाहते थे। उस वक्त उन्हें लगता था कि अगर शराब पीना जारी रखा, तो शायद 52-53 साल की उम्र तक ही जी पाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि शराब की वजह से बर्बाद हुए 15 सालों में वह संगीत, भाषाएं और नए म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट्स सीख सकते थे। गौरतलब है कि जावेद अख्तर ने सलीम खान के साथ मिलकर 'शोले', 'दीवार' और 'जंजीर' जैसी कई यादगार फिल्मों की कहानियां लिखी हैं।