पंजाबी सिंगर जैस्मिन सैंडलस एक बार फिर विवादों में घिर गई हैं। इस बार उनके हैदराबाद कॉन्सर्ट को लेकर सोशल मीडिया पर फैंस ने नाराजगी जताई है। आरोप है कि सिंगर तय समय से करीब तीन घंटे देरी से स्टेज पर पहुंचीं और परफॉर्मेंस के दौरान कई गानों में लिप-सिंक करती नजर आईं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 27 जून को हैदराबाद के क्वेक एरेना में आयोजित इस लाइव शो के बाद कई दर्शकों ने सोशल मीडिया पर अपना खराब अनुभव साझा किया। एक यूजर ने दावा किया कि लंबे इंतजार के बाद जैस्मिन ने बिना दर्शकों से बातचीत किए सीधे परफॉर्मेंस शुरू कर दी और ऐसा लगा कि कई गानों में वह प्री-रिकॉर्डेड ट्रैक पर लिप-सिंक कर रही थीं। फैंस की नाराजगी सिर्फ सिंगर तक सीमित नहीं रही। कई लोगों ने इवेंट मैनेजमेंट पर भी खराब व्यवस्था, कम्युनिकेशन की कमी और अव्यवस्था के आरोप लगाए। कुछ यूजर्स ने खाने-पीने की सुविधाओं और लंबी लाइनों को लेकर भी शिकायत की। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इस शो को "सुपर फ्लॉप" तक करार दिया। हालांकि, जैस्मिन सैंडलस या उनकी टीम की ओर से इन आरोपों पर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यह पहली बार नहीं है जब जैस्मिन का कोई कॉन्सर्ट चर्चा में आया हो। इससे पहले अहमदाबाद में हुए उनके शो में भी लिप-सिंकिंग और स्टेज पर उनकी अनोखी परफॉर्मेंस को लेकर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिली थीं। बता दें कि जैस्मिन सैंडलस ने अपने करियर की शुरुआत 2008 में की थी, जबकि उन्हें फिल्म किक के सुपरहिट गीत 'यार ना मिले' से देशभर में पहचान मिली।