टीवी एक्ट्रेस जैस्मीन भसीन के 36वें जन्मदिन का जश्न इस बार यादगार बनने की बजाय मुश्किलों भरा साबित हुआ। 28 जून को अपना बर्थडे सेलिब्रेट करने के लिए जैस्मीन अपने बॉयफ्रेंड अली गोनी और कुछ करीबी दोस्तों के साथ दुबई पहुंची थीं। अली ने उनके लिए ग्रैंड बर्थडे सेलिब्रेशन की पूरी तैयारी कर रखी थी, लेकिन पार्टी शुरू होने से पहले ही जैस्मीन की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि उनकी हालत खराब होने के बाद उन्हें तुरंत दुबई के एक अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इस वजह से पूरा बर्थडे प्लान रद्द हो गया और खुशियों से भरी हॉलीडे ट्रिप अस्पताल में बदल गई। अली गोनी ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर अस्पताल से जैस्मीन की तस्वीर शेयर करते हुए उनकी सेहत की जानकारी दी। उन्होंने भावुक पोस्ट में लिखा, "हम यहां तुम्हारा जन्मदिन मनाने आए थे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। खूबसूरत यादें बनाने की जगह आज हम अस्पताल के कमरे में हैं। तुम्हें इस हालत में देखकर इस पूरे सफर का सबसे मुश्किल पल यही रहा। तुम्हें फिर से स्वस्थ और मुस्कुराते हुए देखने के लिए मैं हर जश्न छोड़ सकता हूं। अल्लाह तुम्हें हमेशा खुश रखे, अच्छी सेहत दे, ढेर सारा प्यार और कामयाबी दे। जल्दी ठीक हो जाओ, आज मेरे दिल से बस यही जन्मदिन की दुआ निकल रही है।" अली की इस पोस्ट के बाद फैंस और सेलेब्स लगातार जैस्मीन के जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं। फिलहाल उनकी सेहत को लेकर कोई विस्तृत मेडिकल अपडेट सामने नहीं आया है।