बोनी कपूर की बेटी अंशुला कपूर ने अपने लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड रोहन ठक्कर के साथ शादी कर नई जिंदगी की शुरुआत कर ली है। 6 जुलाई को मुंबई के ताज लैंड्स एंड होटल में दोनों की इंटिमेट वेडिंग हुई, जिसकी तस्वीरें और वीडियोज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। शादी के हर पल में प्यार, इमोशन और फैमिली बॉन्डिंग साफ नजर आई, जिसने फैंस का दिल जीत लिया। अपने खास दिन पर अंशुला कोरल पीच रंग के खूबसूरत लहंगे में बेहद खूबसूरत दिखीं, जबकि रोहन ऑफ-व्हाइट शेरवानी में रॉयल अंदाज में नजर आए। दोनों की जोड़ी को सोशल मीडिया पर खूब प्यार मिल रहा है और फैंस उन्हें नई शुरुआत के लिए बधाइयां दे रहे हैं। शादी का सबसे भावुक पल तब देखने को मिला, जब अंशुला अपने भाई अर्जुन कपूर का हाथ थामकर मंडप तक पहुंचीं। अर्जुन पूरे समय बहन के साथ खड़े नजर आए। वहीं जान्हवी कपूर ने फूल बरसाकर इस खास पल को और यादगार बना दिया। बेटी को दुल्हन के रूप में देखकर बोनी कपूर भी भावुक हो गए और उनकी आंखों में खुशी साफ दिखाई दी। फेरे और सिंदूर की रस्म के दौरान जान्हवी कपूर और खुशी कपूर ने भी अपनी बहन का पूरा साथ निभाया। जैसे ही रोहन अंशुला की मांग में सिंदूर भरने लगे, खुशी ने उनका मांग टीका संभाला, जबकि जान्हवी पूरे समय बहन के साथ खड़ी रहीं। वरमाला के बाद रोहन ने अंशुला को गले लगाया और दोनों की मुस्कान ने इस खूबसूरत पल को और भी खास बना दिया। सामने खड़े बोनी कपूर तालियां बजाते हुए अपनी बेटी की खुशी में शामिल होते नजर आए।