बॉलीवुड फिल्म ‘कोई मिल गया’ तो आपको याद ही होगी। इस फिल्म में ऋतिक रोशन के दोस्त बिट्टू सरदार का किरदार निभाने वाले अनुज पंडित शर्मा अब असल जिंदगी में दूल्हा बन गए हैं। 35 साल की उम्र में अनुज ने अपनी जिंदगी की नई शुरुआत की है। उनकी शादी की खूबसूरत तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिन्हें देखकर फैंस उन्हें जमकर बधाइयां दे रहे हैं। अनुज ने डॉ. प्रभजोत चावला के साथ शादी रचाई है। इस खास मौके पर दोनों ने हिंदू और सिख, दोनों रीति-रिवाजों से शादी की। सामने आई तस्वीरों में अनुज क्रीम कलर की खूबसूरत एम्ब्रॉयडरी वाली शेरवानी, मैचिंग पगड़ी और दोशाले में नजर आए। वहीं, उनकी दुल्हन प्रभजोत रेड कलर के ब्राइडल लहंगे, गोल्डन कढ़ाई और ट्रेडिशनल ज्वेलरी में बेहद खूबसूरत लगीं। कपल की शादी में दोनों परंपराओं का खूबसूरत संगम देखने को मिला। एक तरफ दोनों ने मंडप में अग्नि के सामने सात फेरे लिए, तो दूसरी तरफ गुरुद्वारे में भी शादी की रस्में निभाईं। बता दें कि डॉ. प्रभजोत चावला हेल्थ और वेलनेस से जुड़ी एक वेबसाइट की फाउंडर हैं। वहीं, अनुज को साल 2003 में रिलीज हुई फिल्म ‘कोई मिल गया’ में बिट्टू सरदार के किरदार से खास पहचान मिली थी।