सलमान खान सिर्फ बॉलीवुड के सुपरस्टार ही नहीं, बल्कि इंडस्ट्री के सबसे बड़े कमाई करने वाले सितारों में भी गिने जाते हैं। 60 की उम्र में भी उनकी ब्रांड वैल्यू लगातार बढ़ रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी कुल नेटवर्थ करीब ₹3000 करोड़ बताई जाती है। सलमान खान एक फिल्म के लिए लगभग ₹100 से ₹150 करोड़ फीस लेते हैं। कई प्रोजेक्ट्स में वह फीस के साथ-साथ फिल्म के मुनाफे में भी हिस्सा रखते हैं, जिससे उनकी कमाई और बढ़ जाती है। फिल्मों के अलावा टीवी भी उनकी इनकम का बड़ा जरिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, 'बिग बॉस' के हर वीकेंड एपिसोड के लिए उन्हें करोड़ों रुपये की फीस मिलती है, जिससे वह टीवी के सबसे महंगे होस्ट्स में शामिल हैं। ब्रांड एंडोर्समेंट भी उनकी कमाई का अहम हिस्सा है। सॉफ्ट ड्रिंक्स, फैशन, मोबाइल ऐप्स और कई बड़े ब्रांड्स के साथ वह जुड़े हुए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मल्टी-ईयर ब्रांड डील्स के लिए वह ₹15-20 करोड़ तक और शॉर्ट-टर्म कैंपेन के लिए ₹10-15 करोड़ तक चार्ज करते हैं। रियल एस्टेट में भी सलमान का बड़ा निवेश है। मुंबई का गैलेक्सी अपार्टमेंट, पनवेल स्थित उनका फार्महाउस और अन्य प्रीमियम प्रॉपर्टीज मिलाकर उनकी रियल एस्टेट संपत्ति की कीमत ₹500 करोड़ से अधिक बताई जाती है। फिल्में, टीवी, ब्रांड्स और रियल एस्टेट में मजबूत मौजूदगी के दम पर सलमान खान ने खुद को सिर्फ एक अभिनेता नहीं, बल्कि एक सफल बिजनेस ब्रांड के रूप में स्थापित किया है।