बॉलीवुड की चांदनी यानी श्रीदेवी की अचानक हुई मौत ने साल 2018 में पूरे देश को हैरान कर दिया था। 24 फरवरी 2018 को दुबई के एक होटल में उनका निधन हो गया था। दुबई पुलिस ने उनकी मौत को एक्सीडेंटल डेथ बताया था, लेकिन इसके बाद भी इस मामले को लेकर कई तरह की अटकलें लगती रहीं। अब करीब 8 साल बाद उस वक्त UAE में भारत के एंबेसडर रहे नवदीप सिंह सूरी ने इस मामले पर अपनी बात रखी है। ANI को दिए इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि श्रीदेवी की मौत की खबर मिलते ही उन्होंने अपना शेड्यूल बदल दिया था। उन्हें अंदाजा था कि इस मामले में उनकी जरूरत पड़ सकती है। उन्होंने बोनी कपूर और परिवार के अन्य सदस्यों से भी संपर्क किया। सूरी के मुताबिक, वह अगली सुबह करीब 9 बजे दुबई के Emirates Towers Hotel पहुंचे, जहां श्रीदेवी का कमरा जांच के लिए सील था। पास के एक सुइट में बोनी कपूर, अर्जुन कपूर और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे। सभी गहरे सदमे में थे और उम्मीद कर रहे थे कि जल्द ही पार्थिव शरीर मुंबई पहुंच जाएगा। हालांकि, पोस्टमार्टम, फॉरेंसिक जांच और कानूनी प्रक्रियाओं के कारण समय लगा। सूरी ने साफ कहा कि उन्हें किसी साजिश या Foul Play का सबूत नहीं मिला। बता दें कि आधिकारिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, श्रीदेवी की मौत बाथटब में दुर्घटनावश डूबने से हुई थी।