रैपर और सिंगर हनी सिंह के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके 18 वर्षीय भतीजे दिवित औलख की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। इस खबर ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। हादसे के वक्त हनी सिंह दुबई में थे, लेकिन भतीजे के निधन की खबर मिलते ही वह तुरंत जालंधर पहुंच गए। अब उनका एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपने भाई दिनेश औलख को गले लगाकर फूट-फूटकर रोते नजर आ रहे हैं। दरअसल, 1 नवंबर की सुबह जालंधर में दिवित अपने दोस्त आरव तलवार के साथ बर्थडे पार्टी से कार में घर लौट रहे थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस लाइंस इलाके के पास फ्लाईओवर पर उनकी कार सड़क किनारे खड़ी नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसा इतना गंभीर था कि दिवित और उनके दोस्त आरव की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। बता दें कि दिवित पंजाबी म्यूजिक कंपनी स्पीड रिकॉर्ड्स के मालिक दिनेश औलख के बेटे थे। भतीजे को खोने के बाद हनी सिंह ने सोशल मीडिया पर भी अपना दुख जाहिर किया। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा कि यह उनके लिए अंधकार से भरा दशक है और इस नुकसान का दर्द शब्दों में बयां करना मुश्किल है। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से परिवार को इस दुख को सहने की हिम्मत देने की प्रार्थना भी की। दिवित का अंतिम संस्कार 3 नवंबर को दोपहर 1 बजे जालंधर के मॉडल टाउन क्रिमेशन ग्राउंड में किया गया। इस मुश्किल घड़ी में हनी सिंह अपने परिवार के साथ मजबूती से खड़े नजर आए। उनका अपने भाई को गले लगाकर रोना इस दर्दनाक नुकसान की गहराई बयां कर रहा है।