टीवी इंडस्ट्री में इन दिनों शिल्पा शिंदे का एक बयान जबरदस्त चर्चा में है। हाल ही में एक इंटरव्यू में शिल्पा ने स्वीकार किया कि उन्होंने 'भाभी जी घर पर हैं' के प्रोड्यूसर संजय कोहली पर लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोप कॉन्ट्रैक्ट विवाद के दौरान दबाव बनाने के लिए लगाए थे। उनके इस खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई और कई लोगों ने इस पर नाराजगी जताई। इसी बीच हिना खान ने भी इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। हिना ने इंस्टाग्राम पोस्ट में कहा कि किसी विवाद में जीत हासिल करने या अपनी बात मनवाने के लिए महिला होने का फायदा उठाकर किसी की छवि खराब करना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में न्याय की मांग करना बिल्कुल सही है। हिना ने प्रोड्यूसर संजय कोहली को इस मामले का "असली विक्टिम" बताते हुए कहा कि एक सम्मानित व्यक्ति और उसके परिवार को ऐसे आरोपों की वजह से भारी मानसिक और सामाजिक नुकसान झेलना पड़ा। हिना का यह बयान अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।