‘अपने तो अपने होते हैं’, ये बात एक बार फिर देओल परिवार ने साबित कर दी है। धर्मेंद्र के दोनों परिवारों के बीच प्यार और अपनापन दिखाने वाली कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। इन तस्वीरों में हेमा मालिनी अपने सौतेले पोते और सनी देओल के छोटे बेटे राजवीर देओल पर प्यार लुटाती नजर आ रही हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये तस्वीरें 5 नवंबर 2026 की हैं, जब हेमा मालिनी अपनी बेटियों ईशा देओल और अहाना देओल के साथ मुंबई के जुहू स्थित सनी सुपर साउंड स्टूडियो पहुंची थीं। इसी दौरान वहां राजवीर देओल भी मौजूद थे। वायरल तस्वीरों में हेमा मालिनी राजवीर को देखकर मुस्कुराती हैं और उन्हें प्यार से गले लगा लेती हैं। वहीं, राजवीर भी अपनी दादी से गर्मजोशी के साथ मिलते नजर आते हैं। इस दौरान राजवीर अपनी दोनों बुआ ईशा और अहाना देओल से भी मिले। परिवार के इस खूबसूरत मिलन की तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कोई इस पल को देखकर भावुक हो रहा है, तो कोई परिवार के बीच दिखे प्यार और अपनापन की तारीफ कर रहा है। बता दें कि धर्मेंद्र की पहली पत्नी प्रकाश कौर से चार बच्चे हैं, जबकि हेमा मालिनी से उनकी दो बेटियां ईशा और अहाना हैं। राजवीर, सनी देओल और पूजा देओल के छोटे बेटे हैं। ऐसे में हेमा और राजवीर की इस मुलाकात ने फैंस का दिल जीत लिया है।