गोविंदा और सुनीता आहूजा की शादीशुदा जिंदगी को लेकर चल रही चर्चाएं एक बार फिर तेज हो गई हैं। तलाक की खबरों और दोनों के बीच कथित जुबानी जंग के बाद अब सोशल मीडिया से जुड़ा एक दावा सामने आया है। रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पोस्ट्स के मुताबिक, गोविंदा ने इंस्टाग्राम पर अपनी पत्नी सुनीता आहूजा को अनफॉलो कर दिया है। हालांकि, इस बारे में कपल की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। गोविंदा और सुनीता के रिश्ते में अनबन की खबरें पिछले कुछ समय से चर्चा में हैं। कुछ वक्त पहले दोनों के तलाक की अटकलें भी सामने आई थीं। सुनीता ने कथित तौर पर तलाक की प्रक्रिया वापस लेने की बात कही थी और गोविंदा की दूसरी शादी की प्लानिंग का दावा भी किया था। इस बीच गोविंदा का नाम उनकी आगामी फिल्म ‘रूपा’ की एक्ट्रेस रानी स्वर्णकार के साथ जोड़ा गया। दोनों को साथ देखे जाने के बाद सुनीता ने सार्वजनिक रूप से नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने गोविंदा पर कई गंभीर टिप्पणियां भी की थीं। गोविंदा ने भी इन बातों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि उनका नाम खराब करने की कोशिश की जा रही है और नई एक्ट्रेस के साथ काम करने को बेवजह विवाद बनाया जा रहा है। वहीं, कृष्णा अभिषेक ने भी परिवार के निजी मामले को घर तक सीमित रखने की अपील की थी। अब गोविंदा के कथित अनफॉलो ने फैंस के बीच फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल, दोनों की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।