बॉलीवुड एक्टर गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा की 39 साल पुरानी शादी इन दिनों विवादों में है। दोनों के रिश्ते में आई कथित दरार अब परिवार और मीडिया के बीच चर्चा का विषय बन गई है। सुनीता आहूजा ने कथित तौर पर गोविंदा और उनकी को-एक्ट्रेस कोमल के बीच अफेयर का आरोप लगाया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि गोविंदा दूसरी शादी की प्लानिंग कर रहे थे। हालांकि, गोविंदा के मैनेजर ने इन दावों को पूरी तरह खारिज किया है। इस विवाद के बीच अब परिवार की बहू और कृष्णा अभिषेक की पत्नी कश्मीरा शाह खुलकर सुनीता आहूजा के समर्थन में सामने आई हैं। सोमवार रात एक इवेंट में कश्मीरा से गोविंदा और सुनीता के रिश्ते को लेकर सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि वह अपने परिवार की महिलाओं के साथ खड़ी हैं और सुनीता का भी पूरा समर्थन करती हैं। कश्मीरा ने मीडिया से गोविंदा और सुनीता के निजी मामले से दूर रहने की अपील भी की। उनका कहना था कि परिवार की स्थिति को लेकर कुछ तो ऐसा जरूर हुआ होगा, लेकिन इस मामले को निजी ही रहने देना चाहिए। वहीं, कश्मीरा के बयान से पहले कृष्णा अभिषेक ने खुद को इस विवाद से अलग कर लिया था। मुंबई एयरपोर्ट पर उन्होंने मीडिया से गोविंदा को लेकर सवाल न पूछने की अपील की और कहा कि भगवान सब ठीक करेंगे। इस पूरे विवाद के बीच सोशल मीडिया पर भी फैंस दो गुटों में बंटे नजर आ रहे हैं। वहीं, गोविंदा और सुनीता के एक-दूसरे को सोशल मीडिया पर अनफॉलो करने की खबरों ने भी चर्चा बढ़ा दी है।