गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के बीच चल रहा विवाद लगातार सुर्खियों में है। तलाक और गोविंदा की कथित दूसरी शादी की खबरों के बीच अब एक्टर का नया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने इस मामले को और चर्चा में ला दिया है। दरअसल, 22 अगस्त की शाम गोविंदा को मुंबई के जुहू इलाके में एक अस्पताल के बाहर स्पॉट किया गया। वायरल वीडियो में एक्टर व्हाइट शर्ट, ब्लू डेनिम जींस और मास्क लगाए नजर आए। पैपराजी के पूछने पर कि सब ठीक है ना, गोविंदा ने जवाब दिया, “Fine... theek hoon.” इसके बाद वह हाथ हिलाकर अपनी कार में बैठकर वहां से निकल गए। हालांकि, वीडियो में गोविंदा के पीछे एक मास्क पहने महिला भी दिखाई दी, जिसने फ्लोरल पिंक ड्रेस पहन रखी थी। महिला का चेहरा साफ नजर नहीं आ रहा है। इसी वजह से सोशल मीडिया यूजर्स कयास लगा रहे हैं कि यह महिला कथित तौर पर कोमल रानी स्वर्णकर हो सकती हैं, जिनका नाम पिछले कुछ समय से गोविंदा के साथ जोड़ा जा रहा है। हालांकि, इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि वीडियो में नजर आ रही महिला कोमल ही हैं। वहीं, सुनीता आहूजा के हालिया दावों के बाद गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने दूसरी शादी की खबरों को खारिज किया था। ऐसे में वायरल वीडियो ने एक बार फिर इस पूरे विवाद को चर्चा में ला दिया है।