बॉलीवुड एक्टर गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा की शादीशुदा जिंदगी एक बार फिर सुर्खियों में है। बुधवार को सुनीता बेटे यशवर्धन के साथ बांद्रा स्थित फैमिली कोर्ट पहुंचीं, जिसके बाद उनके तलाक की अटकलें तेज हो गईं। हालांकि, बाद में सामने आया कि सुनीता तलाक की नई अर्जी दाखिल करने नहीं, बल्कि करीब दो साल पहले दायर की गई तलाक की अर्जी वापस लेने कोर्ट पहुंची थीं। यानी तमाम मतभेदों के बावजूद दोनों अपनी शादी को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी बीच गोविंदा का करीब 35 साल पुराना एक बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 1990 में एक फिल्मी मैगजीन को दिए इंटरव्यू में गोविंदा ने अपनी कुंडली में दूसरी शादी का योग होने की बात कही थी। उन्होंने यहां तक कहा था कि भविष्य में अगर वह किसी दूसरी महिला के साथ रिश्ते में आते हैं और शादी करना चाहें, तो सुनीता को इसके लिए तैयार रहना चाहिए। उस वक्त गोविंदा दिव्या भारती के साथ ‘शोला और शबनम’ में काम कर रहे थे। आज जब गोविंदा और सुनीता के रिश्ते को लेकर चर्चाएं गर्म हैं, उनका यह पुराना बयान फिर से चर्चा में आ गया है। हालांकि, सुनीता के केस वापस लेने के बाद फिलहाल दोनों के तलाक की खबरों पर विराम लगता नजर आ रहा है।